स्थापना दिवस को लेकर व्यापक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार
सक्ती। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस इस वर्ष 6 अप्रैल से 14 अप्रैल 2026 तक जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से मनाया जाएगा। इस वर्ष पार्टी अपने स्थापना के 46 वर्ष पूर्ण करेगी। 6 अप्रैल 1980 को नई दिल्ली के फिरोजशाह कोटला मैदान में भाजपा का गठन किया गया था।
स्थापना दिवस के अवसर पर जिला, मंडल और बूथ स्तर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही पार्टी का ध्वज फहराया जाएगा और संगठनात्मक गतिविधियों को गति दी जाएगी।

जिला कार्यालय में हुई महत्वपूर्ण बैठक, कार्यक्रमों की रूपरेखा तय
भाजपा जिला कार्यालय सक्ती में जिला अध्यक्ष टिकेश्वर सिंह गबेल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रमों की विस्तृत योजना पर चर्चा की गई और जिम्मेदारियों का निर्धारण किया गया।
बैठक में तय किया गया कि 6 अप्रैल को भाजपा स्थापना दिवस मनाया जाएगा, जबकि 7 अप्रैल से 12 अप्रैल तक “गांव चलो – बस्ती चलो अभियान” चलाया जाएगा। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जाएगा।
14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पर विशेष आयोजन
कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भी मनाई जाएगी। इस दौरान विभिन्न स्तरों पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम और सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे उपस्थित
बैठक में जिला भाजपा प्रभारी मनोज शर्मा, पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, उपाध्यक्ष नेतराम चंद्रा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा ओबीसी मोर्चा, महिला मोर्चा, युवा मोर्चा और मंडल स्तर के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी शामिल हुए।















































