रात 1 बजे छापेमारी, अवैध खनन पर प्रशासन का सख्त एक्शन
सक्ती। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के सख्त निर्देश पर राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने देर रात छापेमारी कर 5 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।
यह कार्रवाई तहसील हसौद क्षेत्र के ग्राम करही में लगभग रात 1 बजे की गई, जिससे अवैध खनन में लिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
एसडीएम और तहसीलदारों की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
छापेमारी की कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कावेरी मरकाम, तहसीलदार हसौद गरिमा मनहर, तहसीलदार सक्ती लक्ष्मीकांत कोरी तथा थाना प्रभारी बिर्रा की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
टीम ने मौके पर अवैध रूप से रेत का भंडारण और परिवहन करते हुए वाहनों को पकड़ा और तत्काल जप्त कर लिया।
खनिज अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई जारी
प्रशासन द्वारा इस मामले में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 और खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
लगातार निगरानी के निर्देश, अभियान रहेगा जारी
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने कहा है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा ताकि इस पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।















































