जमीन विवाद में तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार कापू पुलिस की त्वरित कार्रवाई आर्म्स एक्ट में भेजा जेल
जमीन नपाई के दौरान भड़का विवाद तलवार लेकर पहुंचा आरोपी धमकी देकर फैलाया आतंक
रायगढ़। जिले के कापू थाना क्षेत्र में जमीन नपाई के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने तलवार लहराकर मौके पर दहशत फैला दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में कापू पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम इंदकालो निवासी पदमन बंजारा 36 वर्ष ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने ग्राम अलोला निवासी कमलेश राठिया से 22 डिसमिल टिकरा भूमि खरीदी थी। रास्ते को लेकर चल रहा विवाद जमीन नपाई के दौरान उग्र हो गया।
तलवार लेकर मौके पर पहुंचा आरोपी गाली गलौच कर दी जान से मारने की धमकी
दिनांक 26 मार्च 2026 को हल्का पटवारी द्वारा भूमि की नपाई की जा रही थी, तभी ग्राम अलोला निवासी युवराज बंजारा तलवार लेकर मौके पर पहुंच गया। आरोपी ने “एक इंच भी जमीन नहीं दूंगा” कहते हुए गाली-गलौच की और जान से मारने की धमकी दी।
आरोपी ने तलवार लहराते हुए शिकायतकर्ता पर हमला करने का प्रयास किया, जिससे वह किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
पुलिस ने तुरंत दर्ज किया मामला हथियार सहित आरोपी गिरफ्तार आर्म्स एक्ट की कार्रवाई
घटना की शिकायत पर थाना कापू में धारा 296 और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। थाना प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार भी जब्त कर ली है। मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 भी जोड़ी गई है।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा गया पुलिस की सख्त कार्रवाई से इलाके में हड़कंप
आरोपी युवराज बंजारा 29 वर्ष निवासी ग्राम अलोला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
एसएसपी का सख्त संदेश असामाजिक तत्वों पर जारी रहेगा कड़ा एक्शन
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों और हथियार लेकर दहशत फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।















































