बेंगलुरुः कर्नाटक के सभी विधायकों को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) हर आईपीएल मैच के लिए तीन टिकट देगा. उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने यह जानकारी दी. सोमवार को केएससीए अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद, सचिव विनय, डीएनए एमडी वेंकट, आरसीबी के सीईओ राजेश मेनन और अन्य पदाधिकारियों ने डी.के. शिवकुमार के सदाशिवनगर स्थित आवास पर उनसे मुलाकात की.
बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री ने कहा, “मैंने उनसे पहले मैच के लिए 2 टिकट देने को कहा था, लेकिन अब वे हर आईपीएल मैच के लिए 3 टिकट देने को तैयार हो गए हैं.” उन्होंने आगे बताया कि अन्य अंतरराष्ट्रीय मैचों के लिए भी समझौता हुआ है, जिसके तहत विधायकों को 2 टिकट मुफ्त मिलेंगे और बाकी 2 टिकट पैसे देकर खरीदने होंगे.
उन्होंने यह भी कहा कि जो विधायक टिकट खरीदना चाहते हैं, वे विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय को पत्र लिख सकते हैं, जिसके बाद उन्हें टिकट खरीदने में प्राथमिकता दी जाएगी.
विधायकों के लिए अलग गैलरी बनाने के मुद्दे पर उपमुख्यमंत्री ने कहा, “मैं इस मामले में हस्तक्षेप नहीं करूंगा. हम चाहे विधायक हों या सांसद, एक छोटा सा अनुरोध था जो पूरा हो गया है. मैंने केवल स्थानीय मैचों के लिए 3 सीटें देने को कहा है, इसके अलावा मैं किसी और चीज में दखल नहीं दूंगा.”
चिन्नास्वामी स्टेडियम की सीटें बढ़ाने का अनुरोध
उपमुख्यमंत्री ने आगे कहा कि अगर स्टेडियम में 20,000 और सीटें बढ़ाने के बारे में विचार किया जा रहा है. उन्होंने कहा- “हमने स्टेडियम के बारे में भी चर्चा की है. मैंने सुझाव दिया है कि बैठने की क्षमता कैसे बढ़ाई जा सकती है. हम इसके लिए 2-3 जगहों की पहचान कर रहे हैं. मैंने सुबह सभी बीबीएमपी (GBA) कमिश्नरों को बुलाकर उनसे बात की और चर्चा की कि नया स्टेडियम कहां बनाया जा सकता है. यहां KSCA ने सीटें बढ़ाने की योजना बनाई है, और हमने उन्हें अपना प्रस्ताव सरकार के सामने रखने को कहा है. प्रस्तावों को देखने के बाद उन्हें जो भी अनुमति चाहिए होगी, हम देंगे.”















































