Raigarh Road Accident : रायगढ़ में दो सड़क हादसों में तीन की मौत, चार घायल

SHARE:

जूटमिल और पूंजीपथरा थाना क्षेत्रों में हुए हादसे, पुलिस ने शुरू की जांच

रायगढ़। रायगढ़ जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। दोनों मामलों में संबंधित थानों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पटेलपाली के पास कार की टक्कर से एक की मौत

पहली घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है। टिकरापारा निवासी उमेश ठाकुर (53) अपने साथी संदीप शाह के साथ रविवार देर रात करीब 3 बजे बाइक से पटेलपाली मंडी सब्जी लेने जा रहे थे। इसी दौरान पटेलपाली के पास चंद्रपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में उमेश ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप शाह गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू की।

अज्ञात वाहन ने सड़क पर गिरे दो मजदूरों को कुचला

दूसरी घटना पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में हुई। जांजगीर-चांपा जिले के नीतेश साहू (24), मुकेश उर्फ मानसिंह चौहान (40) और संदीप लदेर तराईमाल स्थित सिंघल कंपनी में मजदूरी करते थे। रविवार रात करीब 9 बजे तीनों बाइक से प्लांट जा रहे थे। दशमेश पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई, जिस पर जयपाल (24) और शिव सवार थे।

टक्कर के बाद सभी सड़क पर गिर गए। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने सड़क पर गिरे नीतेश साहू और मुकेश चौहान को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में संदीप लदेर, जयपाल और शिव गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई