गौरेला पेंड्रा मरवाही: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के 10वीं के परीक्षा परिणाम में जिले के विद्यार्थियों ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए गौरव बढ़ाया है. इस वर्ष जिले के छह छात्र-छात्राओं ने 90 प्रतिशत से ज्यादा अंक लाकर टॉप सूची में जगह बनाई है, जिससे स्कूलों और अभिभावकों में खुशी का माहौल है.
10वीं बोर्ड में जीपीएम के छात्रों का शानदार प्रदर्शन
जिले में प्रथम स्थान डीएवी पब्लिक स्कूल सारबहरा के छात्र अनुज अग्रवाल ने हासिल किया. अनुज ने 10वीं बोर्ड में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त किए. दूसरे नंबर पर मां कल्याणिका पब्लिक स्कूल के छात्र अनंत गोयल रहे, जिन्हें 97.2 प्रतिशत अंक मिले. तृतीय स्थान पर इसी स्कूल की छात्रा आयुषी अग्रवाल (जालान) ने 96.6 प्रतिशत अंक अर्जित किए. चौथे स्थान पर अंशिका अग्रवाल ने 95 प्रतिशत, पांचवें स्थान पर सुप्रियांशी शर्मा ने 93 प्रतिशत और छठवें स्थान पर निखिल जोशी ने 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया.

अनुज अग्रवाल को 10वीं बोर्ड में 98 प्रतिशत अंक
स्कूलों में जश्न, परिवार में खुशी का माहौल
सीबीएसई 10वीं बोर्ड के परिणाम घोषित होने के बाद सभी स्कूलों में जश्न का माहौल देखने को मिला. अभिभावकों ने मिठाई खिलाकर बच्चों की सफलता का उत्सव मनाया. जिला कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी, पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी, जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी सहित जनप्रतिनिधियों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.
परिवार और टीचर्स का सपोर्ट, सोशल मीडिया से दूरी
टॉपर अनुज अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने बिना किसी ट्यूशन के केवल सेल्फ स्टडी के दम पर यह सफलता हासिल की है. उनका लक्ष्य आगे चलकर कलेक्टर बनकर देश की सेवा करना है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और अपनी बड़ी बहन आर्ची अग्रवाल को दिया, जो पहले भी 12वीं कक्षा में टॉप कर चुकी हैं.
वहीं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले अनंत गोयल ने अपनी सफलता का श्रेय परिवार और गुरुजनों को देते हुए कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बनाकर मोबाइल का सकारात्मक उपयोग किया. उनका सपना कॉमर्स लेकर चार्टर्ड अकाउंटेंट बनना है.

अनंत अग्रवाल को 97.2 प्रतिशत अंक मिले
तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली आयुषी अग्रवाल ने आईएएस बनने की इच्छा जताई, जबकि सुप्रियांशी शर्मा डॉक्टर बनकर समाज सेवा करना चाहती हैं. विद्यार्थियों ने अपनी सफलता के पीछे कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्म-अध्ययन को मुख्य आधार बताया है.















































