शिक्षा सत्र के पहले ही दिन हंगामा : शिक्षक की मांग को लेकर स्कूल में ताला, प्रेयर के दौरान छात्र बेहोश होकर गिरा

SHARE:

दुर्ग में एक निजी स्कूल में प्रार्थना के दौरान छात्र गर्मी की वजह से बेहोश हो गया, बालोद में शिक्षक की कमी से नाराज बच्चों और परिजनों ने स्कूल के बाहर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया।

रायपुर। नए शिक्षा सत्र के पहले ही दिन छत्तीसगढ़ के दो जिलों से अलग-अलग तस्वीरें सामने आईं। दुर्ग में एक निजी स्कूल में प्रार्थना के दौरान छात्र गर्मी की वजह से बेहोश हो गया, जबकि बालोद में शिक्षक की कमी से नाराज बच्चों और परिजनों ने स्कूल के बाहर धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया। दोनों ही मामलों में प्रशासन को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा।

प्रार्थना सभा के दौरान अचानक गिरा छात्र
दुर्ग के जेआरडी स्कूल में सोमवार 16 जून सुबह प्रार्थना सभा के दौरान एक छात्र अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। बताया जा रहा है कि गर्मी और उमस के कारण उसकी तबीयत बिगड़ गई। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल छात्र को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और छात्र के स्वास्थ्य की जानकारी ली। फिलहाल छात्र की हालत स्थिर बताई जा रही है।

बालोद में पहले ही दिन स्कूल के गेट पर लगा ताला
वहीं बालोद जिले के आदिवासी विकासखंड डौंडी के शासकीय प्राथमिक स्कूल कांडे में शाला प्रवेश उत्सव के दिन ही स्कूल के मुख्य द्वार पर ताला लगा मिला। बच्चों के साथ उनके परिजन स्कूल के बाहर पंडाल लगाकर धरने पर बैठ गए और शिक्षक की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

एक शिक्षक के भरोसे चल रहा था स्कूल
ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल में केवल एक शिक्षक के भरोसे 99 बच्चों की पढ़ाई कराई जा रही थी। लंबे समय से अतिरिक्त शिक्षक की मांग की जा रही थी। लेकिन समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने नए सत्र के पहले दिन ही आंदोलन का रास्ता अपनाया। प्रदर्शन के दौरान शिक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की गई।

प्रशासन के आश्वासन के बाद खत्म हुआ धरना
मामले की जानकारी मिलते ही तहसीलदार, पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। काफी देर चली बातचीत के बाद स्कूल में संगवारी शिक्षक की व्यवस्था करने पर सहमति बनी। इसके बाद बच्चों और परिजनों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई