रायगढ़। जिले के लैलूंगा साप्ताहिक बाजार में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं को निशाना बनाने वाले एक संगठित पाकेटमार गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 5 महिलाएं और 1 पुरुष शामिल हैं।
यह कार्रवाई उस समय शुरू हुई जब शनिवार को बाजार में सब्जी खरीदने पहुंची सेवानिवृत्त शिक्षिका मरियम टोप्पो के गले से करीब 18 ग्राम सोने की चैन लूट ली गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस बल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया, जिसके बाद पूरे गिरोह का खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह बलरामपुर जिले के राजपुर क्षेत्र से संचालित हो रहा था और ग्रामीण हाट-बाजारों में भीड़ का फायदा उठाकर वारदातों को अंजाम देता था। प्रारंभिक पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने जशपुर जिले में दबिश देकर अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से लूटी गई सोने की चैन, वारदात में प्रयुक्त इको वाहन और मोबाइल फोन सहित लगभग 7 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे संगठित अपराधों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और हाट-बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जाएगी।















































