आशा भोसले के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गहरा शोक, कहा—संगीत की अमिट विरासत सदैव प्रेरणा देती रहेगी

SHARE:

रायपुर। विष्णुदेव साय ने सुप्रसिद्ध गायिका एवं पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे भारतीय संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि यह समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।

मुख्यमंत्री साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि आशा भोसले ने अपनी मधुर, विलक्षण और हृदयस्पर्शी आवाज़ से कई दशकों तक भारतीय संगीत को समृद्ध किया। उन्होंने फिल्म संगीत से लेकर ग़ज़ल, भजन, लोकगीत और आधुनिक संगीत तक हर शैली में अपनी अलग पहचान बनाई और करोड़ों श्रोताओं के दिलों में अमिट स्थान हासिल किया।

उन्होंने कहा कि आशा भोसले केवल एक गायिका नहीं थीं, बल्कि भारतीय संगीत की एक सशक्त पहचान थीं, जिनकी आवाज़ ने हर दौर में लोगों को जोड़ा और भावनाओं को अभिव्यक्ति दी। उनकी कला ने पीढ़ियों को प्रभावित किया और आने वाले समय में भी उनका योगदान संगीत साधकों और कलाकारों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आशा भोसले का संगीत भारतीय सांस्कृतिक धरोहर का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने अपने लंबे करियर में हजारों गीत गाकर देश-विदेश में भारत का गौरव बढ़ाया और संगीत के क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित किया।

उन्होंने माँ वीणापाणि सरस्वती से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों और उनके असंख्य प्रशंसकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आशा भोसले की आवाज़ और उनके गीत हमेशा लोगों के दिलों में जीवित रहेंगे और भारतीय संगीत की धारा में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई