रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब भीषण गर्मी का दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में तापमान लगातार बढ़ रहा है और 14 अप्रैल के बाद कई क्षेत्रों में ग्रीष्म लहर (हीटवेव) चलने की संभावना जताई गई है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे पारा 42 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
24 घंटे में मौसम रहा शुष्क, बढ़ा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। राजधानी रायपुर में तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखी गई, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
इन संभागों में ज्यादा असर की आशंका
मौसम विभाग के मुताबिक दुर्ग, बिलासपुर और रायपुर संभागों में गर्मी का प्रभाव ज्यादा रहेगा। साफ आसमान और तेज धूप के चलते दिन के समय तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम सिस्टम बढ़ा रहा गर्मी का असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ से लेकर विदर्भ, मराठवाड़ा, कर्नाटक और तमिलनाडु तक एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। यह सिस्टम फिलहाल बारिश नहीं ला रहा, लेकिन गर्मी को बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
रायपुर में आज का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। दिन के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है।
सावधानी बरतने की अपील
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी है। हीटवेव की स्थिति में बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत बताई गई है।















































