रायगढ़। नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-1 स्थित राजीव नगर (दूध डेयरी क्षेत्र) को अब एक आधुनिक और आकर्षक ऑक्सीजोन के रूप में विकसित किया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के जरिए शहरवासियों को स्वच्छ वातावरण, हरियाली और बेहतर जीवनशैली की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
वित्त मंत्री के प्रयास से मिली करोड़ों की स्वीकृति
प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी के विशेष प्रयासों से इस परियोजना के लिए राज्य शासन द्वारा लगभग 7 करोड़ 86 लाख रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। शनिवार सुबह वित्त मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण कर तैयार कार्ययोजना और डिजाइन का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुरानी संरचनाओं का उपयोग, नई सुविधाओं का विस्तार
परियोजना के तहत सबसे पहले क्षेत्र की पुरानी उपयोगी संरचनाओं का उन्नयन किया जाएगा, साथ ही भूमि समतलीकरण कर मजबूत बाउंड्री वॉल और मुख्य द्वार बनाए जाएंगे। बेहतर आवागमन और जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण भी किया जाएगा।
हरियाली, फिटनेस और मनोरंजन पर रहेगा फोकस
ऑक्सीजोन में हॉर्टिकल्चर और लैंडस्केपिंग के साथ आकर्षक पाथवे तैयार किए जाएंगे। नागरिकों के लिए ओपन जिम, बैठने की बेंच, गजेबो (विश्राम स्थल) और खेल मैदान में दर्शक मंच का निर्माण किया जाएगा, ताकि सभी आयु वर्ग के लोग इसका लाभ उठा सकें।
मूलभूत सुविधाओं का भी होगा विकास
परियोजना के अंतर्गत विद्युत व्यवस्था, जल आपूर्ति, ट्यूबवेल, शौचालय, गार्ड रूम और सेप्टिक टैंक जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही तीन वर्षों तक रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है।
फूड कोर्ट और पार्किंग सहित बनेगा समग्र सुविधा केंद्र
ऑक्सीजोन के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र में एसएलआरएम सेंटर, मिल्क फैक्ट्री और सामुदायिक भवन का नवीनीकरण किया जाएगा। इसके अलावा 10 दुकानों वाला फूड कोर्ट, पार्किंग क्षेत्र और अतिरिक्त बाउंड्री वॉल का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र एक समग्र नागरिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित होगा।
युवाओं की मांग पर खेल सुविधाएं भी शामिल
निरीक्षण के दौरान स्थानीय युवाओं ने क्रिकेट सहित अन्य खेल सुविधाओं की मांग रखी, जिस पर वित्त मंत्री ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए अधिकारियों को इन्हें प्राथमिकता में शामिल करने के निर्देश दिए।















































