एवरेस्ट अभियान के लिए काठमांडू रवाना होंगी अमिता श्रीवास
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर-चांपा जिले की युवा पर्वतारोही अमिता श्रीवास को उनके आगामी माउंट एवरेस्ट अभियान के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में उनसे मुलाकात कर उनके साहसिक प्रयास की सराहना की।
“छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं की ऊंची उड़ान” बताया अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 अप्रैल को अमिता श्रीवास काठमांडू के लिए रवाना होंगी, जहां से वे विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने के संकल्प के साथ आगे बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की आकांक्षाओं, साहस और आत्मविश्वास की ऊंची उड़ान है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि संकल्प मजबूत हो तो कोई भी ऊंचाई असंभव नहीं होती।
बेटियों की उपलब्धियों पर जताया गर्व
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और मेहनत से नए मानक स्थापित कर रही हैं। अमिता श्रीवास इसका जीवंत उदाहरण हैं, जिन्होंने पहले भी अपनी क्षमता साबित की है।
किलिमंजारो से एवरेस्ट तक का सफर
मुख्यमंत्री ने उल्लेख किया कि अमिता श्रीवास ने वर्ष 2021 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर माउंट किलिमंजारो फतह कर अपनी दृढ़ता और साहस का परिचय दिया था। उनका यह नया अभियान युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।
प्रदेश और देश के गौरव की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि अमिता श्रीवास इस अभियान में सफलता प्राप्त कर माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराएंगी और छत्तीसगढ़ के साथ पूरे देश का गौरव बढ़ाएंगी।















































