कनकबीरा चौकी पुलिस की कार्रवाई, पेट्रोल पंप से निकले टैंकर से डीजल चोरी कर अमानत में खयानत का मामला उजागर
सारंगढ़ (कनकबीरा)। थाना सारंगढ़ क्षेत्र अंतर्गत चौकी कनकबीरा पुलिस ने डीजल चोरी के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर डीजल टैंकर से 500 लीटर डीजल चोरी कर अमानत में खयानत करने का आरोप है। पुलिस ने वाहन सहित कुल करीब 48 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।
ढाबे के पास टैंकर से डीजल निकालते पकड़े गए आरोपी, मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 01.04.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि रोशन ढाबा के पास एक डीजल टैंकर वाहन से अवैध रूप से डीजल निकाला जा रहा है। सूचना पर चौकी कनकबीरा पुलिस मौके पर पहुंची और टैंकर वाहन क्रमांक CG10 BU 5136 के चालक तथा ढाबा संचालक को रंगे हाथों पकड़ लिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, चालक और ढाबा संचालक पर गंभीर आरोप
इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पहला आरोपी मनोज यादव उम्र 27 वर्ष, निवासी भगवतीपुर थाना लंभुआ जिला सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश तथा
दूसरा आरोपी रोशन साहू उर्फ थुरिया उम्र 22 वर्ष, निवासी सालर चौकी कनकबीरा थाना सारंगढ़ है।
पेट्रोल पंप मालिक की शिकायत पर खुला मामला, 500 लीटर डीजल चोरी की पुष्टि
पेट्रोल पंप मालिक राहुल कुमार निराला द्वारा दी गई लिखित शिकायत के अनुसार हिंदुस्तान पेट्रोलियम डिपो मंदिर हसौद रायपुर से डीजल एवं पेट्रोल टैंकर वाहन में लोड कर भेजा गया था। वाहन चालक को पेट्रोल पंप तक सामग्री पहुंचाने की जिम्मेदारी दी गई थी।
लेकिन 01 अप्रैल की सुबह लगभग 5 बजे ग्राम सालर स्थित ढाबे के पास चालक और ढाबा संचालक ने मिलकर टैंकर से 500 लीटर डीजल बिना अनुमति निकाल लिया।
अपराध दर्ज कर जांच के बाद दोनों आरोपी गिरफ्तार, लाखों का माल जब्त
मामले में अपराध क्रमांक 146/2026 धारा 316(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने टैंकर वाहन, लोड पेट्रोल-डीजल तथा चोरी किया गया 500 लीटर डीजल सहित कुल लगभग 48,76,867 रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका, त्वरित कार्रवाई से खुला बड़ा मामला
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी कनकबीरा टीकाराम खटकर, प्रधान आरक्षक हीराधर नाग, भीमसेन सिदार, आरक्षक कुंज बिहारी निराला, बिहारी साहू सहित पूरे स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।















































