बेमेतरा में सनसनीखेज हमला, पूर्व सरपंच व भाजपा नेता बल्लू पाल पर जानलेवा वार

SHARE:

चुलमाटी कार्यक्रम से लौटते समय गले पर धारदार हथियार से हमला, हालत गंभीर – एम्स रायपुर रेफर

बेमेतरा जिले के थानखम्हरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरगा में रविवार रात एक सुनियोजित और सनसनीखेज हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। ग्राम के पूर्व सरपंच, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंडल महामंत्री नोहर ‘बल्लू’ पाल पर अज्ञात आरोपी ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से गले पर हमला कर दिया। हमले में उनकी श्वासनली तक गंभीर चोट आई है, जिस पर 12 से 14 टांके लगाए गए हैं। उनकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।

राजनीतिक और सामाजिक कद को लेकर बढ़ी चिंता

बल्लू पाल थानखम्हरिया मंडल में भाजपा के पूर्व महामंत्री रह चुके हैं और तीन से चार बार ग्राम सरपंच के रूप में निर्वाचित होकर क्षेत्र की सेवा कर चुके हैं। उनकी सक्रिय सामाजिक और राजनीतिक भूमिका को देखते हुए इस हमले को बेहद गंभीर माना जा रहा है। घटना के बाद न केवल उनके समर्थकों बल्कि पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

अंधेरे में घात लगाकर किया गया हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्री पाल वर्मा परिवार के यहां आयोजित चुलमाटी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। गांव के संतोषी मंदिर के पहले एक अंधेरे स्थान पर आरोपी ने मौका पाकर अचानक उन पर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। अचानक हुए इस हमले से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रायपुर रेफर

गंभीर रूप से घायल बल्लू पाल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, थानखम्हरिया लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उन्हें एम्स रायपुर रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज एम्स में जारी है।

विधायक और जनपद अध्यक्ष ने लिया हालचाल

घटना की जानकारी मिलते ही साजा विधायक ईश्वर साहू और जनपद अध्यक्ष जितेंद्र साहू देर रात एम्स रायपुर पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

सरपंच पुत्र पर आरोप, गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोश

पुलिस सूत्रों के अनुसार इस हमले का आरोपी वर्तमान सरपंच का पुत्र जलेश ठाकुर बताया जा रहा है। थाना प्रभारी चंद्रदेव वर्मा ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित और परिजनों का बयान दर्ज किया है। हालांकि घटना के बाद से आरोपी फरार है। जब पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

सरपंच पद पर उठे सवाल, आंदोलन की चेतावनी

घटना के बाद गांव में गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों ने मांग की है कि आरोपी की मां और वर्तमान सरपंच नंदकुमारी ठाकुर नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।

नशाखोरी को बताया जा रहा बड़ी वजह

ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी को ऐसी हिंसक घटनाओं का बड़ा कारण बताया है। हाल के दिनों में तोरन, हांटरांका, सोनचिरैया सहित कई गांवों में नशे के चलते झगड़े और मारपीट की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई