Sawan Somwar Raigarh : पहले सावन सोमवार पर घोघड़ धाम के लिए उमड़े कांवड़िए, शिवालयों में गूंजेगा ‘ॐ नमः शिवाय’

SHARE:

रायगढ़। श्रावण माह के पहले सोमवार पर भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए रायगढ़ से बड़ी संख्या में कांवड़िए घोघड़ धाम के लिए रवाना हुए। रविवार को रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर शिवभक्तों की भारी भीड़ देखने को मिली। श्रद्धालु साउथ बिहार एक्सप्रेस से ओडिशा के घोघड़ धाम के लिए निकले, लेकिन ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने के कारण कई भक्तों को अगली ट्रेन का इंतजार करना पड़ा।

साउथ बिहार एक्सप्रेस में रही भारी भीड़

कांवड़ियों ने बताया कि साउथ बिहार एक्सप्रेस से समय पर घोघड़ धाम पहुंचा जा सकता है, इसलिए अधिकांश श्रद्धालु इसी ट्रेन से यात्रा करना पसंद करते हैं। इसी वजह से अप और डाउन दोनों दिशाओं की ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रही, जिससे आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

40 किलोमीटर पैदल यात्रा कर करेंगे जलाभिषेक

श्रद्धालुओं के अनुसार वे रविवार शाम राउरकेला पहुंचने के बाद पानपोस में स्नान कर पवित्र जल उठाते हैं और पूरी रात करीब 40 किलोमीटर पैदल यात्रा कर सोमवार सुबह घोघड़ धाम पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। इसके बाद दोपहर में वापस रायगढ़ के लिए रवाना हो जाते हैं।

पहले सावन सोमवार पर शिवालयों में उमड़ेगी आस्था

आज 3 अगस्त को पहले सावन सोमवार के अवसर पर रायगढ़ के गौरीशंकर मंदिर, नीलकंठ महादेव मंदिर, पहाड़ मंदिर, पंडरीपानी महालक्ष्मी मंदिर और कोसमनारा बाबा सत्यनारायण धाम सहित सभी प्रमुख शिवालयों में सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी। भक्त जलाभिषेक, बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल और पंचामृत अर्पित कर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करेंगे।

महाभंडारा और भजन-कीर्तन का आयोजन

सावन सोमवार के अवसर पर शहर के विभिन्न मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर महाभंडारे आयोजित किए जाएंगे। वहीं शाम के समय शिवालयों में भजन-कीर्तन और रुद्राभिषेक के कार्यक्रम होंगे। पूरा शहर “बम-बम भोले” और “ॐ नमः शिवाय” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई