नशा मुक्त युवा अभियान : 25 हजार केंद्रों से एक करोड़ से अधिक युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प, PM मोदी ने किया शुभारंभ

SHARE:

नई दिल्ली/जशपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा देशव्यापी “नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान” का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

25 हजार केंद्रों से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवा

देशभर के लगभग 25 हजार केंद्रों पर एक साथ आयोजित इस अभियान में एक करोड़ से अधिक युवाओं ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। कार्यक्रम में MY Bharat स्वयंसेवकों, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), युवा क्लबों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों, गैर-सरकारी संगठनों सहित सामाजिक एवं आध्यात्मिक संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी रही।

100 सप्ताह तक चलेगा जनजागरूकता अभियान

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर 100 सप्ताह तक संचालित होने वाले नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ किया। अभियान के तहत प्रत्येक रविवार देशभर में जनजागरूकता कार्यक्रम, खेलकूद, सांस्कृतिक आयोजन, योग, ध्यान, फिटनेस गतिविधियां और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

जशपुर के घोलेंग में हुआ विशेष आयोजन

जशपुर जिले में अभियान के अंतर्गत एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, घोलेंग में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं युवाओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन देखा और सुना।

विद्यालय के प्राचार्य श्री दुर्गेश पाठक ने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों एवं युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।

स्वस्थ और जिम्मेदार समाज निर्माण का संकल्प

कार्यक्रम में युवाओं ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने तथा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। अभियान के माध्यम से युवाओं को विकसित भारत के निर्माण में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई