‘दीदी के गोठ’ वार्षिकोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री
रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित ‘दीदी के गोठ’ वार्षिकोत्सव-2026 एवं संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश की माताओं-बहनों के लिए आत्मनिर्भरता, आजीविका, नवाचार और स्वरोजगार का सशक्त मंच बन गया है। उन्होंने कहा कि एक सफल महिला की कहानी हजारों अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही है।
तीन महत्वपूर्ण प्रकाशनों का हुआ विमोचन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘दीदी के गोठ’ कॉफी टेबल बुक, ‘बिहान वाणी’ त्रैमासिक पत्रिका और ‘मोर गांव मोर पानी’ पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने अपनी सफलता की कहानी साझा करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया तथा ‘दीदी के गोठ’ के 12 एपिसोड पर आधारित प्रदर्शनी और फोटो गैलरी का अवलोकन कर स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से संवाद किया।
लखपति दीदी विद्या निषाद की सफलता की सराहना
मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले की लखपति दीदी विद्या निषाद से वर्चुअल संवाद किया। विद्या निषाद ने बताया कि कोरोना काल में पति के निधन के बाद उन्हें बिहान समूह से प्रशिक्षण मिला। इसके बाद उन्होंने कपड़े और फैंसी स्टोर का व्यवसाय शुरू किया और आज प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये से अधिक की आय अर्जित कर आत्मनिर्भर बन चुकी हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता को अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
हर महीने मिलती है नई प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘दीदी के गोठ’ ने एक वर्ष का सफल सफर पूरा कर लिया है और अब तक 12 एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं। प्रत्येक माह के दूसरे गुरुवार को एक सफल दीदी अपनी संघर्ष और सफलता की कहानी साझा करती हैं, जिससे प्रदेशभर की महिलाओं को नई दिशा मिलती है।
महिलाएं बन रहीं आर्थिक रूप से सशक्त
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहान से जुड़कर महिलाएं ड्रोन संचालन, राजमिस्त्री कार्य, ऑर्गेनिक खेती, पशुपालन, केटरिंग और अन्य आजीविका गतिविधियों के माध्यम से आर्थिक रूप से मजबूत हो रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आज की लखपति दीदियां आने वाले समय में करोड़पति बनकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगी।
सरकार की योजनाओं का मिला लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए हैं, जिनमें से 11 लाख पूरे हो चुके हैं। वहीं महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख महिलाओं के खातों में हर महीने एक-एक हजार रुपये की राशि भेजी जा रही है। अब तक 28 किश्तों में करीब 18 हजार करोड़ रुपये अंतरित किए जा चुके हैं।
हेल्पलाइन 1076 और बिजली बिल योजना का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 शुरू की गई है, जहां विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकती हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना के तहत अब तक 700 करोड़ रुपये से अधिक का सरचार्ज माफ किया जा चुका है।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी किया संबोधित
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ‘दीदी के गोठ’ महिलाओं के लिए ज्ञान, नवाचार और प्रेरणा का प्रभावी मंच बन चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है। साथ ही बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 11 लाख आवास पूरे हो चुके हैं और इसके लिए 26 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।















































