5 आईएएस अधिकारियों के प्रभार में बदलाव
छत्तीसगढ़ सरकार ने गुरुवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 5 आईएएस अधिकारियों के प्रभार में बदलाव किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा महानदी भवन से जारी आदेश के अनुसार कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं।
जीपीएम कलेक्टर संतोष देवांगन का तबादला
इस फेरबदल में सबसे बड़ा बदलाव संतोष कुमार देवांगन का हुआ है। उन्हें महज दो महीने पहले गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले का कलेक्टर बनाया गया था, लेकिन अब उन्हें इस पद से हटाकर मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग के विशेष सचिव के रूप में पदस्थ किया गया है।
विजय दयाराम के. बने नए कलेक्टर
तकनीकी शिक्षा विभाग के संचालक विजय दयाराम के. को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।
हेमंत नंदनवार को नई जिम्मेदारी
आईएएस हेमंत रमेश नंदनवार (2020 बैच) को महासमुंद जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) पद से हटाकर संचालक, तकनीकी शिक्षा, रोजगार एवं प्रशिक्षण बनाया गया है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ राज्य कौशल विकास प्राधिकरण के प्रबंध संचालक (एमडी) का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
सुमित अग्रवाल बने सूड़ा के सीईओ
आईएएस सुमित अग्रवाल (2021 बैच), जो अब तक दुर्ग नगर निगम के आयुक्त थे, उन्हें मुख्य कार्यपालन अधिकारी, छत्तीसगढ़ राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही रिमिजियस एक्का को इस अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है।
अनुपमा आनंद को पदोन्नति
आईएएस अनुपमा आनंद (2023 बैच), जो सरायपाली (महासमुंद) में एसडीएम के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें पदोन्नत करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), जिला पंचायत महासमुंद नियुक्त किया गया है।















































