रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने राज्य प्रशासनिक सेवा के 19 अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी किया है। नई पदस्थापना के तहत कई जिलों के अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, नगर निगम आयुक्त, जिला पंचायत सीईओ सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
कई नगर निगमों में बदले आयुक्त
जारी आदेश के अनुसार अरुण कुमार वर्मा को नगर निगम धमतरी का आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं जी. आर. मरकाम को नगर निगम राजनांदगांव, विजेंद्र सिंह को नगर निगम चिरमिरी का आयुक्त बनाया गया है। इसके अलावा इंद्रजीत बर्मन को संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं में अपर संचालक की जिम्मेदारी दी गई है।
विभिन्न विभागों में मिली नई जिम्मेदारी
शशांक पांडे को अतिरिक्त प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (CRIDC) का दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही अन्य अधिकारियों को भी प्रशासनिक आवश्यकता और कार्यहित को ध्यान में रखते हुए नई पदस्थापनाएं दी गई हैं।
तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश
सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे तत्काल प्रभाव से नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें। सरकार के इस कदम को प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने और विभागीय व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।















































