रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के विभिन्न निगम, मंडल, आयोग, बोर्ड, समिति एवं अन्य संस्थाओं में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति के आदेश जारी होने पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं।
केश शिल्पी कल्याण बोर्ड और महिला आयोग में नियुक्तियां
छत्तीसगढ़ राज्य केश शिल्पी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद पर श्री गौरीशंकर श्रीवास तथा सदस्य पद पर श्री देवशरण सेन की नियुक्ति की गई है। वहीं छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष के रूप में डॉ. श्रीमती ममता साहू को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पद पर श्री रामलाल चौहान, उपाध्यक्ष पद पर श्री वेदराम मनहरे तथा सदस्य के रूप में श्री सौरभसिंह जागृत, श्री दुर्गा महेश्वर और श्री दयावंत धर बांधे को नियुक्त किया गया है।
मछुआ कल्याण, संस्कृत विद्या मंडल और शाकम्भरी बोर्ड में नई जिम्मेदारी
छत्तीसगढ़ मछुआ कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष पद पर श्री आनंद निषाद तथा सदस्य पद पर श्री नेतराम निषाद की नियुक्ति हुई है।
छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्या मंडल के अध्यक्ष पद पर श्री राजेश कुमार राजपूत तथा सदस्य पद पर श्रीमती सुमन मुथा को नियुक्त किया गया है। वहीं शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष पद पर श्री राजेन्द्र नायक तथा सदस्य के रूप में श्री बसंत पटेल, श्री प्रेमलाल पटेल, श्री संतोष पटेल और श्री प्रेम पटेल को जिम्मेदारी दी गई है।
शिक्षा, बाल अधिकार और फिल्म विकास निगम में नियुक्तियां
छत्तीसगढ़ राज्य शिक्षा आयोग के अध्यक्ष पद पर श्री सुधीर गौतम, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य पद पर श्री मनमथ नाथ शर्मा तथा छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के सदस्य पद पर श्रीमती प्रसन्ना अवस्थी की नियुक्ति की गई है।
विकास प्राधिकरण और अन्य संस्थाओं में भी बदलाव
रायपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पद पर डॉ. जे.पी. शर्मा, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के उपाध्यक्ष पद पर श्री किशोर महानंद, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष पद पर श्री आनंद कुमार तिवारी (श्री राजीव लोचन दास महाराज) तथा छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष पद पर श्री मंगल दास ठाकुर को दायित्व सौंपा गया है।
मुख्यमंत्री ने जताया विश्वास
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सभी नवनियुक्त पदाधिकारी जनसेवा, सुशासन और लोककल्याण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन नियुक्तियों से विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को नई गति मिलेगी।















































