रायगढ़ में हनुमान मंदिर में प्रतिमा तोड़फोड़ से तनाव, आरोपी हिरासत में

SHARE:

रायगढ़। जिले के भूपदेवपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिराईपानी गांव में शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने हनुमान मंदिर में पहुंचकर भगवान हनुमान की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना से गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया।

मंदिर में तोड़फोड़ से भड़के ग्रामीण

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी युवक ने मंदिर परिसर में पहुंचकर न सिर्फ प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया, बल्कि अन्य धार्मिक सामग्री को भी क्षति पहुंचाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौके पर पहुंच गए और आक्रोश जताया।

भीड़ ने की पिटाई, पुलिस ने संभाली स्थिति

घटना से नाराज ग्रामीणों ने आरोपी युवक की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर भूपदेवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ से युवक को सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और जांच शुरू की।

आरोपी की पहचान और प्रारंभिक जानकारी

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अमित सिंह (निवासी इंदिरा नगर, चिराईपानी, मूल निवासी छपरा) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुका है और लंबे समय से मंदिर में पूजा-अर्चना करता आ रहा था।

स्थानीय लोगों के अनुसार, किसी मनोकामना के पूर्ण न होने से वह मानसिक तनाव में था और इसी कारण उसने यह कदम उठाया।

पुलिस जांच जारी

भूपदेवपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना केवल मानसिक असंतुलन का परिणाम थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण भी शामिल है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई