छत्तीसगढ़ में आंधीतूफान और वज्रपात से भारी तबाही, चार की मौत; मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

SHARE:

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने कई जिलों में तबाही मचा दी है। आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में एक उप सरपंच सहित चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में तेज अंधड़ और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।

कोरबा में दर्दनाक हादसा, पेड़ गिरने से पति की मौत

कोरबा जिले के लेमरू क्षेत्र में बकरी खोजने गए 54 वर्षीय शिवरतन माझी और उनकी पत्नी पर तेज आंधी के दौरान पेड़ गिर गया। इस हादसे में शिवरतन माझी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हैं।

कांकेर में बिजली गिरने से उप सरपंच सहित तीन की मौत

कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र में मनरेगा कार्य के दौरान बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े ग्रामीणों पर आकाशीय बिजली गिर गई। इस हादसे में उप सरपंच सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।

तेज आंधी से बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान

प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं ने भारी नुकसान पहुंचाया है। भेड़िया नवागांव में 131 फीट ऊंचा बीएसएनएल टावर गिर गया, वहीं 50 से अधिक पेड़ उखड़ गए और 11 से ज्यादा बिजली खंभे टूट गए। मुंगेली में भी तेज आंधी के कारण एक शराब दुकान का शेड उड़ गया।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य पाकिस्तान से लेकर बांग्लादेश तक सक्रिय मौसमी द्रोणिका (ट्रफ) के कारण छत्तीसगढ़ में यह मौसमीय बदलाव देखा जा रहा है। रायपुर, रायगढ़ समेत कई जिलों में अगले तीन दिनों तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

प्रशासन की अपील

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने, पेड़ों के नीचे न खड़े होने और सतर्क रहने की अपील की है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई