रायगढ़/बिलासपुर Bilaspur–Raigarh Rail Section पर यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी एक बार फिर बढ़ गई है। अकलतरा स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग और चौथी लाइन कनेक्टिविटी के कार्य के चलते रेलवे ने 18 अप्रैल तक कई लोकल ट्रेनों को रद्द कर दिया है।
यार्ड रिमॉडलिंग के चलते ट्रेनें प्रभावित
रेलवे प्रशासन के अनुसार, अधोसंरचना विकास कार्य के तहत बिलासपुर-रायगढ़-बिलासपुर मेमू पैसेंजर को 18 अप्रैल तक पूरी तरह रद्द कर दिया गया है।
गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा पैसेंजर अब केवल बिलासपुर तक ही चलेगी, जबकि झारसुगुड़ा से वापसी करने वाली 68862 ट्रेन भी बिलासपुर से ही प्रारंभ होगी।
छोटे स्टेशनों के यात्रियों पर सबसे ज्यादा असर
लोकल ट्रेनों के बंद होने से किरोड़ीमल, भूपदेवपुर, झाराडीह, खरसिया, सक्ती, जेठा, बाराद्वार और अकलतरा जैसे छोटे स्टेशनों के यात्रियों के सामने आवागमन का बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
दैनिक मजदूर, छोटे व्यापारी और कर्मचारी, जो इन ट्रेनों पर निर्भर थे, उन्हें अब काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
एक्सप्रेस ट्रेनों में बढ़ी भीड़, धक्का-मुक्की की स्थिति
लोकल ट्रेनों के रद्द होने का असर अब एक्सप्रेस ट्रेनों पर साफ दिख रहा है। रायगढ़ और बिलासपुर स्टेशनों पर जनरल कोच में चढ़ने के लिए भारी भीड़ और धक्का-मुक्की की स्थिति बन रही है।
सड़क मार्ग बना मजबूरी, बढ़ा आर्थिक बोझ
ट्रेनों के अभाव में यात्रियों को अब सड़क मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है, जो काफी महंगा साबित हो रहा है।
रायगढ़ से भूपदेवपुर जैसे छोटे स्टेशन तक जाने के लिए यात्रियों से ऑटो चालक 400 रुपए तक वसूल रहे हैं।
सस्ती यात्रा अब महंगी
जहां पहले जांजगीर तक का सफर मेमू ट्रेन से 10 रुपए में हो जाता था, वहीं अब एक्सप्रेस ट्रेनों में उसी दूरी के लिए 30 रुपए या उससे अधिक खर्च करना पड़ रहा है।
इस रूट पर बसों की संख्या भी सीमित (4-5) होने के कारण यात्रियों को अतिरिक्त परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।















































