रायपुर में साइबर ठगी का बड़ा मामला, बैंक मैनेजर बनकर बुजुर्ग महिला से 1.84 लाख रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी

SHARE:

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने एक बुजुर्ग महिला को निशाना बनाते हुए बैंक मैनेजर बनकर 1 लाख 84 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली। मामले में न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारकों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 78 वर्षीय प्रार्थिया ज्योति सिंह, निवासी अशोका मिलेनियम, रिंग रोड-1 रायपुर ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल की शाम वह एक जरूरी बैंक लेन-देन के लिए गूगल पर यूको बैंक मैनेजर का नंबर खोज रही थीं। इसी दौरान उन्हें एक मोबाइल नंबर मिला, जिस पर कॉल करने पर सामने वाले व्यक्ति ने खुद को अजय कुमार बताते हुए यूको बैंक का मैनेजर बताया और मदद का भरोसा दिलाया।

पीड़िता के अनुसार, आरोपित ने उन्हें एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा और इसी माध्यम से उनके डेबिट व क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद आरोपित ने उनके आईसीआईसीआई और एचडीएफसी बैंक खातों से कुल 1,84,111 रुपये ट्रांसफर कर लिए।

घटना का पता चलने पर महिला ने तुरंत बैंक के कस्टमर केयर से संपर्क कर अपने खाते फ्रीज कराए और कार्ड ब्लॉक करवाया, लेकिन तब तक ठग पूरी रकम निकाल चुका था।

पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपित ने उनके मोबाइल में कॉल फॉरवर्डिंग एक्टिव कर दी थी और व्हाट्सएप की टू-स्टेप वेरिफिकेशन भी बदल दी, जिससे वह उनके संपर्कों और अकाउंट एक्सेस को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा था।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई