महिला थाना रायगढ़ की तत्परता से मामला दर्ज होते ही शुरू हुई कार्रवाई, आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़। महिला थाना रायगढ़ ने युवती से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
26 फरवरी की रात हुई घटना, रास्ते में रोककर की गई छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार, विरोध करने पर दिया विवाद का रूप
पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि वह रायगढ़ में किराए के मकान में रहकर सेल्स गर्ल के रूप में कार्य करती है। 26 फरवरी 2026 की रात ड्यूटी समाप्त कर वह अपने परिचित के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान देवांगन धर्मशाला के पास रात लगभग 10 बजे वह राशन लेने के लिए रुकी। इसी समय बाटली खान अपने साथी प्रशांत सोनी के साथ वहां पहुंचा और पीड़िता को घूरते हुए उसके बाल खींचकर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने विवाद किया और मौके पर मौजूद लोगों के हस्तक्षेप के बाद फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता स्वास्थ्य कारणों से अपने गांव चली गई थी और 29 मार्च को रायगढ़ लौटकर महिला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
महिला थाना में अपराध दर्ज होते ही सक्रिय हुई पुलिस, 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
मामले में महिला थाना रायगढ़ ने अपराध क्रमांक 25/2026 धारा 74 भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। डीएसपी उन्नति ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रशांत सोनी उम्र 24 वर्ष निवासी चांदनी चौक थाना कोतवाली रायगढ़ को उसके घर से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी बाटली खान के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दूसरा आरोपी फरार, पुलिस की टीमें लगातार दे रही दबिश, जल्द गिरफ्तारी की संभावना
इस मामले में दूसरा आरोपी बाटली खान अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
महिला थाना टीम की भूमिका रही अहम, संवेदनशीलता और तत्परता से की गई त्वरित कार्रवाई
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक प्रमिला महंत एवं आरक्षक संदीप भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का सख्त संदेश, महिलाओं से जुड़े अपराधों पर शून्य सहनशीलता के तहत त्वरित और कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से जुड़े अपराधों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित, संवेदनशील और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।















































