टी20 वर्ल्ड कप 2026: अस्पताल में भर्ती अभिषेक शर्मा, नामीबिया 1 पाकिस्तान मैच पर सस्पेंस

SHARE:

नई दिल्ली । आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच टीम इंडिया को एक और झटका लगा है। सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पेट के संक्रमण और बुखार के कारण दिल्ली के एक फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं। सोमवार को उन्हें अस्पताल में एडमिट कराया गया था और मंगलवार रात तक उनका इलाज जारी रहा। उनकी सेहत को लेकर टीम मैनेजमेंट लगातार अपडेट ले रहा है।

पहले हर्षित राणा हुए बाहर

इससे पहले तेज गेंदबाज हर्षित राणा दाएं घुटने में लेटरल मेनिस्कस इंजरी के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। मेडिकल सलाह पर उन्होंने सर्जरी कराई है और फिलहाल आराम पर हैं। ऐसे में अभिषेक की तबीयत बिगड़ना टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय बन गया है।

नामीबिया मैच में कौन करेगा ओपनिंग?

भारत को 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ मुकाबला खेलना है। यदि अभिषेक शर्मा पूरी तरह फिट नहीं हो पाते, तो उनकी जगह संजू सैमसन को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

सूत्रों के अनुसार, ईशान किशन के साथ संजू सैमसन पारी की शुरुआत कर सकते हैं। सैमसन को वर्ल्ड कप स्क्वॉड में ओपनर के रूप में शामिल किया गया है। हालांकि हालिया सीरीज में उनका प्रदर्शन साधारण रहा है, लेकिन नामीबिया के खिलाफ मुकाबला उनके लिए खुद को साबित करने का मौका हो सकता है।

वहीं ईशान किशन, जो फिलहाल अच्छी फॉर्म में हैं, पर तेज शुरुआत की अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी।

बताया जा रहा है कि अभिषेक पिछले कुछ दिनों से पेट दर्द और संक्रमण से परेशान थे। टीम डिनर के दौरान भी उनकी तबीयत ठीक नहीं थी और वे जल्दी लौट गए थे। सोमवार को हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि उन्हें कब डिस्चार्ज किया जाएगा।

मेडिकल विशेषज्ञों के मुताबिक, स्टमक इन्फेक्शन खिलाड़ी की स्टैमिना और एंड्योरेंस पर असर डाल सकता है, जो टी20 जैसे तेज प्रारूप में महत्वपूर्ण होता है।

पाकिस्तान मैच से पहले बढ़ी चिंता

भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाना है। इस हाई-वोल्टेज मैच से पहले अभिषेक की फिटनेस टीम के लिए बड़ी चिंता है।

अभिषेक ने टूर्नामेंट के पहले मैच में USA के खिलाफ खाता भी नहीं खोला था और शून्य पर आउट हुए थे। इसके बाद वे मैदान पर नहीं उतरे और उनकी जगह संजू सैमसन ने फील्डिंग की थी।

टीम मैनेजमेंट चाहती है कि पाकिस्तान जैसे अहम मुकाबले से पहले अभिषेक पूरी तरह फिट हों। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या वे समय रहते रिकवर कर पाएंगे और टीम के साथ यात्रा कर मैदान पर उतर सकेंगे।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई