छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों और पेंशनर्स को दिवाली का तोहफा, DA-DR में 2% की बढ़ोतरी, अब मिलेगा 60% महंगाई भत्ता

SHARE:

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीपावली से पहले प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स को बड़ी सौगात दी है। राज्य सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते (DA) और पेंशनर्स की महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की वृद्धि करने का निर्णय लिया है। इस फैसले के बाद आगामी 1 नवंबर 2026 से महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत की दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगी।

5 लाख 35 हजार कर्मचारियों और पेंशनर्स को मिलेगा लाभ

राज्य सरकार के इस निर्णय से प्रदेश के लगभग 3 लाख 85 हजार शासकीय कर्मचारी और 1 लाख 50 हजार पेंशनर्स लाभान्वित होंगे। महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि के कारण राज्य सरकार पर लगभग 36 करोड़ रुपये प्रतिमाह तथा 432 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय भार आएगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी दीपावली की सौगात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि उनकी सरकार शासकीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के हितों के प्रति संवेदनशील है। दीपावली से पहले लिया गया यह निर्णय उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि महंगाई भत्ते और महंगाई राहत में वृद्धि से कर्मचारियों एवं पेंशनर्स को आर्थिक संबल मिलेगा। साथ ही उनके परिवारों में दीपावली के त्योहार की खुशियां और उल्लास भी बढ़ेगा।

1 नवंबर से लागू होगी नई दर

राज्य सरकार के फैसले के अनुसार, 1 नवंबर 2026 से कर्मचारियों और पेंशनर्स को 60 प्रतिशत की दर से महंगाई भत्ता एवं महंगाई राहत मिलेगी। लंबे समय से DA-DR में वृद्धि की प्रतीक्षा कर रहे प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए दीपावली से पहले आया यह निर्णय आर्थिक राहत लेकर आया है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई