मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 6,400 से अधिक जोड़ों का विवाह, रायपुर में 1,300 से ज्यादा जोड़े परिणय सूत्र में बंधे

SHARE:

रायपुर । मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में प्रदेशभर में 6,400 से अधिक जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।

राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 1,300 से अधिक जोड़ों ने विभिन्न धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार सात फेरे लिए। सभी नवविवाहित जोड़ों को योजना के तहत 35 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

सामाजिक एकता का उत्सव : मुख्यमंत्री

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह आयोजन केवल विवाह समारोह नहीं, बल्कि सर्व-धर्म समभाव और सामाजिक एकता का उत्सव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है और यह योजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान की शुरुआत

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का औपचारिक शुभारंभ भी किया। यह अभियान पायलट प्रोजेक्ट के रूप में सरगुजा और बस्तर संभाग के आठ जिलों में संचालित किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य कुपोषण की समस्या को जड़ से समाप्त करना है।

कवर्धा में 272 जोड़ों का विवाह

कवर्धा में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 272 जोड़े विवाह बंधन में बंधे। इस आयोजन में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा बाराती बनकर शामिल हुए और नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।

राज्य सरकार का कहना है कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना समाज के आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है और इससे सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा मिल रहा है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई