रायगढ़ को मिला साइबर थाना, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया वर्चुअल उद्घाटन

SHARE:

रायगढ़, 28 जनवरी 2026। साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ितों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराने की दिशा में रायगढ़ जिले को बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर से प्रदेश के आठ नवीन साइबर पुलिस थानों का वर्चुअल उद्घाटन किया, जिसमें रायगढ़ जिला भी शामिल है। इसी कार्यक्रम के दौरान पुलिस हाउसिंग बोर्ड के अंतर्गत विभिन्न निर्माण कार्यों का भी वर्चुअली लोकार्पण किया गया।


राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सहित शीर्ष अधिकारी रहे मौजूद

पुलिस मुख्यालय नया रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकास शील, एसीएस (गृह) मनोज पिंगुआ तथा पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


रायगढ़ में महापौर ने किया साइबर थाने का उद्घाटन

रायगढ़ जिला मुख्यालय में आयोजित स्थानीय कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान ने कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में रिबन काटकर साइबर थाना का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके पश्चात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा रोजनामचा दर्ज कर साइबर थाना संचालन का विधिवत शुभारंभ किया गया।


एसएसपी बोले—विवेचना में आएगी तेजी, पीड़ितों को मिलेगा शीघ्र न्याय

इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि जिले में पूर्व से संचालित साइबर सेल का उन्नयन कर साइबर थाना स्थापित किया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान की नियुक्ति के साथ 16 प्रशिक्षित स्टाफ पदस्थ किए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार भविष्य में स्टाफ की संख्या बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड और डिजिटल अपराध वर्तमान समय की गंभीर चुनौती हैं। साइबर थाना शुरू होने से मामलों की विवेचना में तेजी आएगी और पीड़ितों को शीघ्र राहत एवं न्याय मिल सकेगा।


साइबर जागरूकता पर दिया गया विशेष जोर

कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने साइबर फ्रॉड से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। नागरिकों से डिजिटल लेन-देन में सतर्कता बरतने, संदिग्ध कॉल-लिंक से बचने और साइबर जागरूकता बढ़ाने की अपील की गई।


जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक रहे उपस्थित

कार्यक्रम में पूर्व विधायक विजय अग्रवाल, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, पार्षद पूनम सोलंकी, सुरेश गोयल, अक्षय कुलदीप, पवन शर्मा, सुभाष पांडे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, एएसपी (साइबर) अनिल विश्वकर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, उत्तम प्रताप सिंह, साधना सिंह, मीडिया प्रतिनिधि, साइबर थाना का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


रायगढ़ पुलिस की अपील

रायगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी साइबर अपराध की जानकारी तुरंत साइबर थाना या नजदीकी पुलिस थाने में दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर आर्थिक और मानसिक नुकसान से बचा जा सके।


Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई