महिला से मारपीट मामले में तमनार पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

रायगढ़, 28 जनवरी 2026। थाना तमनार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पाता में महिला एवं उसके पिता के साथ मारपीट की शिकायत पर तमनार पुलिस ने त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।


फेरीवाले को लेकर हुआ विवाद, महिला और पिता से की गई मारपीट

पीड़िता द्वारा थाना तमनार में प्रस्तुत आवेदन के अनुसार, वह अपने मायके ग्राम पाता में थी। 26 जनवरी को गांव में एक फेरीवाला चादर बेचने आया था। इसी दौरान गांव का निवासी खीरसागर यादव फेरीवाले को रोककर गाली-गलौच करने लगा। महिला के पिता ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी बात को लेकर खीरसागर यादव और आनंद यादव ने महिला तथा उसके पिता के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट कर दी।


प्रकरण दर्ज, आरोपियों को किया गया गिरफ्तार

महिला की शिकायत पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 18/2026 अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की धारा 333, 296, 351(2), 115(2) एवं 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) अनिल विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कमला पुसाम ठाकुर ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों—खीरसागर यादव (31 वर्ष) एवं आनंद यादव (40 वर्ष), निवासी ग्राम पाता—को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों को विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


एसएसपी का सख्त संदेश

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध अपराध को किसी भी स्तर पर सहन नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में पुलिस की कार्रवाई त्वरित और कठोर रहेगी, ताकि अपराधियों में भय और समाज में सुरक्षा का संदेश जाए।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई