Chhattisgarh News: मुख्यमंत्री ने कहा—सरल व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति समर्पण उनकी पहचान थी, उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा
रायपुर। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत विधायक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया।
मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर कहा कि श्री कोर्सेवाड़ा के निधन की सूचना से वे स्तब्ध हैं। उनका सरल व्यक्तित्व, जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता और संगठन के प्रति अटूट निष्ठा उनकी विशेष पहचान रही।
क्षेत्र की जनता के सुख-दुःख में रहते थे सहभागी
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि डोमनलाल कोर्सेवाड़ा क्षेत्र की जनता के सुख-दुःख में सदैव साथ खड़े रहने वाले जनप्रतिनिधि थे। उनका निधन सभी के लिए गहरी पीड़ा का विषय है। जनसेवा के क्षेत्र में उनके योगदान को सदैव याद रखा जाएगा।
शोकसंतप्त परिवार के प्रति जताई संवेदना
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रभु श्रीराम से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें। साथ ही उन्होंने शोकसंतप्त परिजनों और उनके सभी स्नेहीजनों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल देने की कामना की।
डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन से अहिवारा क्षेत्र में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री ने उनके प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।





























