रायगढ़। कोतरारोड थाना क्षेत्र में पानी के छींटे पड़ने की मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद गंभीर रूप ले लिया। रिलायंस मार्ट के सामने सड़क पर हुई कहासुनी के दौरान एक व्यक्ति ने पिस्टलनुमा हथियार निकालकर फायर कर दिया। हालांकि बाद में पुलिस की जांच में हथियार एयरगन पिस्टल निकला। मामले में कोतवाली पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पानी के छींटे को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार रामबाग, कोतरारोड निवासी खुशहाल अग्रवाल पिता अरुण अग्रवाल (26) कोतरारोड के पास पोहेवाला कैफे संचालित करते हैं। 29 अगस्त की रात करीब 8:45 बजे वे घर से पैदल कोल्ड ड्रिंक लेने निकले थे। इसी दौरान रिलायंस मार्ट के सामने मुख्य मार्ग से मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 BC 6711 से गुजर रहे व्यक्ति ने उनके ऊपर सड़क का पानी छिटका दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
सिर पर निशाना बनाकर दो बार फायरिंग का आरोप
शिकायत के मुताबिक, बाइक सवार कुछ दूरी से वापस आया और गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर हाथापाई हुई और आरोपी ने पिस्टलनुमा हथियार निकालकर खुशहाल के सिर की ओर निशाना साधते हुए दो बार फायर किया। खुशहाल नीचे बैठ गए, जिससे वे फायर की चपेट में आने से बच गए। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
घटना की शिकायत पर पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ धारा 296, 351(3), 115(2), 109(1) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से बरामद मोटरसाइकिल और पिस्टलनुमा हथियार को जांच में लिया है।
आर्म्स एक्सपर्ट की जांच में एयरगन पिस्टल की पुष्टि
घटना के बाद पुलिस ने बरामद हथियार की जांच आर्म्स एक्सपर्ट से कराई। परीक्षण में हथियार एयरगन पिस्टल पाया गया। इसमें सामान्य गोली के बजाय छर्रे का इस्तेमाल होता है। पुलिस के अनुसार ऐसी एयरगन/एयर पिस्टल सामान्य उपयोग के लिए बाजार में उपलब्ध होती हैं, हालांकि इनके इस्तेमाल से किसी व्यक्ति को डराने-धमकाने या आपराधिक वारदात को अंजाम देने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
मोटरसाइकिल से आरोपी की पहचान
पुलिस ने मोटरसाइकिल के दस्तावेजों, घटनास्थल से मिले सुराग और गवाहों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान हर्षवरन सिंह गोतरा पिता सुरेन्द्र मोहन सिंह (44 वर्ष), निवासी जालंधर, पंजाब, वर्तमान पता ग्राम तेंदूडिपा, कलमी, रायगढ़ के रूप में की है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
संभावित ठिकानों पर दबिश, गिरफ्तारी के प्रयास जारी
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।
एसएसपी ने दिया स्पष्ट संदेश
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि एयरगन का सामान्य उपयोग लाइसेंस के दायरे में न आता हो, लेकिन यदि इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति को डराने-धमकाने, भय पैदा करने, मारपीट या किसी आपराधिक कृत्य में किया जाता है, तो पुलिस संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई करेगी।






























