रायपुर। राजधानी रायपुर में स्पा सेंटरों के संचालन को लेकर पुलिस की जांच के बाद अब कार्रवाई शुरू हो गई है। 29 अगस्त को शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित 30 स्पा सेंटरों की व्यापक जांच की गई थी। जांच के बाद नॉर्थ जोन पुलिस ने पंडरी थाना क्षेत्र के दो स्पा सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सील करा दिया।
30 स्पा सेंटरों में एक साथ चला जांच अभियान
पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 29 अगस्त को स्पा सेंटरों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके लिए पुलिस की 15 टीमें गठित की गई थीं। राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों ने सेंटरों की जांच की।
इस दौरान सेंटरों के दस्तावेज, कर्मचारियों की जानकारी, ग्राहक एवं स्टाफ रजिस्टर, CCTV कैमरों की व्यवस्था और रिकॉर्डिंग समेत अन्य जरूरी बिंदुओं की जांच की गई।
दो स्पा सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं
जांच के दौरान नॉर्थ जोन पुलिस ने पंडरी थाना क्षेत्र के उषा प्राइड, मोवा स्थित रिफ्लेक्शन स्पा और अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, दोनों सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने के साथ ही लाइसेंस में निर्धारित शर्तों का पालन नहीं किया जा रहा था।
इसके बाद संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए जानकारी दी गई। नगर निगम की टीम ने पंडरी पुलिस की मौजूदगी में दोनों सेंटरों का पंचनामा तैयार कर उन्हें विधिवत सील कर दिया।
अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नॉर्थ जोन आदित्य पांडे के निर्देशन तथा एसीपी पंडरी कृष्ण कुमार चंद्राकर के पर्यवेक्षण में की गई।
स्पा संचालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत
रायपुर पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि गुमास्ता एवं ट्रेड लाइसेंस की शर्तों का पालन करते हुए ही सेंटर संचालित किए जाएं। सेंटर परिसर में CCTV कैमरे लगाना और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखना, ग्राहकों का विधिवत रजिस्टर मेंटेन करना, ग्राहकों से ID प्रूफ लेना तथा कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन कराना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
नियमों के उल्लंघन पर होगी वैधानिक कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान यदि किसी स्पा सेंटर में नियमों के विपरीत संदिग्ध गतिविधि या आपत्तिजनक वस्तु पाई जाती है, तो संबंधित संचालक के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। राजधानी में स्पा सेंटरों की जांच के बाद हुई इस कार्रवाई से संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।






























