सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) बिलासपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला अस्पताल सक्ती के प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. संतोष कुमार पटेल को 1 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई गुरुवार रात डभरा कॉलेज मोड़ के पास की गई।
पे-डेटा भेजने के एवज में मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता गंगा प्रसाद रत्नाकर, जो जिला अस्पताल सक्ती में फार्मासिस्ट ग्रेड-2 के पद पर अटैचमेंट पर कार्यरत हैं, ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि मई और जून 2026 का वेतन संबंधी पे-डेटा सीएमएचओ कार्यालय भेजने के बदले प्रभारी सिविल सर्जन ने फरवरी से जून तक के पांच माह के हिसाब से 20-20 हजार रुपये प्रति माह, कुल 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
सत्यापन के बाद बिछाया गया जाल
शिकायत सही पाए जाने पर ACB Bilaspur ने ट्रैप की योजना बनाई। आरोपी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर अपने अस्थायी निवास डभरा बुलाया। 23 जुलाई की रात करीब 9 बजे डभरा कॉलेज मोड़ के पास जैसे ही डॉ. संतोष कुमार पटेल ने स्कार्पियो में बैठकर 1 लाख रुपये की रिश्वत ली, पहले से मौजूद एसीबी टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
एसीबी ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।















































