रायपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली उपभोक्ताओं को अब बढ़ी हुई बिजली दरों का असर अगस्त माह में मिलने वाले बिलों में दिखाई देगा। छत्तीसगढ़ विद्युत नियामक आयोग द्वारा 1 जुलाई 2026 से लागू की गई नई बिजली दरों के तहत घरेलू, गैर-घरेलू, व्यावसायिक और कृषि सहित सभी श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए टैरिफ में 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट तक वृद्धि की गई है।
Electricity Tariff Hike : महंगाई के बीच उपभोक्ताओं पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ
नई बिजली दरों का असर आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट पर पड़ने की संभावना है। उपभोक्ताओं का कहना है कि जून माह में देरी से मीटर रीडिंग के कारण पहले ही अधिक बिल का सामना करना पड़ा था। अब जुलाई से लागू नई दरों के कारण अगस्त का बिजली बिल और बढ़ सकता है।
नई बिजली दरें ऐसे समझें
खपत पुरानी दर नई दर 0-100 यूनिट ₹4.10 प्रति यूनिट ₹4.40 प्रति यूनिट 101-200 यूनिट ₹4.20 प्रति यूनिट ₹4.50 प्रति यूनिट 201-400 यूनिट ₹5.60 प्रति यूनिट ₹6.00 प्रति यूनिट 401-600 यूनिट ₹6.60 प्रति यूनिट ₹7.00 प्रति यूनिट 601 यूनिट से अधिक ₹8.30 प्रति यूनिट ₹8.80 प्रति यूनिट
Congress का विरोध, योजना में बदलाव का लगाया आरोप
बढ़ी हुई बिजली दरों को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रवक्ता रूपेश दुबे ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली दरों में कई बार वृद्धि हुई है। उन्होंने हाफ बिजली योजना में बदलाव का भी आरोप लगाते हुए कहा कि इससे बड़ी संख्या में उपभोक्ता योजना के लाभ से बाहर हो गए हैं।
उपभोक्ताओं को राहत की उम्मीद
लगातार बढ़ती महंगाई के बीच बिजली दरों में वृद्धि से घरेलू उपभोक्ताओं, छोटे व्यापारियों और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ने की संभावना जताई जा रही है। उपभोक्ताओं को उम्मीद है कि सरकार और विद्युत नियामक आयोग भविष्य में बिजली दरों में राहत देने की दिशा में कदम उठाएंगे।















































