स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, आवास और राशन सहित विभिन्न मामलों पर प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध समाधान पर दिया जोर
रायगढ़। रायगढ़ कलेक्टोरेट में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों का नियमानुसार त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सीएचसी भवन, एम्बुलेंस और शिक्षक की मांग
ग्राम कंडूरजा के ग्रामीणों ने विजयनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवन के जर्जर होने और एम्बुलेंस सुविधा नहीं होने की समस्या बताई। कलेक्टर ने नया भवन निर्माण और आवश्यक व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
वहीं, शासकीय प्राथमिक शाला नटवर के अभिभावकों ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को अतिरिक्त शिक्षक की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शौचालय निर्माण और सड़क निर्माण की होगी जांच
ग्राम पंचायत तेलीकोट के ग्रामीणों ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण में अनियमितता की शिकायत की। कलेक्टर ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
लैलूंगा विकासखंड के केन्दाटिकरा के ग्रामीणों ने उरांवपारा से पीठाआमा तक लगभग 1.5 किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात में मार्ग कीचड़युक्त हो जाता है, जिससे आवागमन और एम्बुलेंस सेवा प्रभावित होती है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग को प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
आवास, दिव्यांग सहायता और राशन कार्ड सहित कई आवेदन
जनदर्शन में ग्राम अमलीभौना की सोनिया देवांगन ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, जूटमिल निवासी शनि कुमार साहू ने अपनी दिव्यांग पुत्री को शासकीय योजनाओं का लाभ, विजयपुर के ग्रामीणों ने नए प्राथमिक विद्यालय भवन का निर्माण, ग्राम मुरालीपाली की बबीता यादव ने स्वरोजगार सहायता, नवापारा मिलूपारा की दयावती ने अंत्योदय राशन कार्ड तथा खरसिया के सेवानिवृत्त प्रधान पाठक आदित्य शंकर राय ने अर्जित अवकाश नगदीकरण और सामान्य भविष्य निधि की राशि के भुगतान संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए।
कलेक्टर ने सभी मामलों में संबंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई कर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।















































