गौ सेवा संगम एवं गौ विज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह में बोले—गौ संरक्षण पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि गौमाता भारतीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, जैविक कृषि और पर्यावरण संरक्षण की आधारशिला है। गौ संरक्षण केवल सरकार का नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। जब प्रत्येक परिवार गौसेवा और संरक्षण का संकल्प लेगा, तभी यह अभियान जनआंदोलन का स्वरूप ले सकेगा।
‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान का शुभारंभ
मुख्यमंत्री श्री साय ने राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित गौ सेवा संगम एवं गौ विज्ञान परीक्षा पुरस्कार वितरण समारोह में प्रदेशव्यापी ‘मेरा परिवार गौव्रति परिवार’ अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए संचालित किए जाने वाले वृक्षारोपण अभियान के पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने गौ विज्ञान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करते हुए पुरस्कार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि ऐसी पहल नई पीढ़ी में भारतीय संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और गौसेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।















































