ऑपरेशन अंकुश के तहत छाल पुलिस की कार्रवाई, ₹90 लाख की संपत्ति, नकदी और वाहन जब्त
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत छाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रायगढ़-कोरबा बॉर्डर स्थित ग्राम धसकामुड़ा में संचालित खुडखुडिया जुए के 5 फड़ों पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 33 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया तथा करीब 90 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति, 57,140 रुपये नकद और 5 गैस लाइट जब्त की हैं।
मेला स्थल के बाहर चल रहा था खुडखुडिया जुआ
पुलिस के अनुसार, धसकामुड़ा मेला स्थल के बाहर बड़े पैमाने पर खुडखुडिया जुआ संचालित होने की सूचना मुखबिर से मिली थी। इसके बाद एडिशनल एसपी अनिल सोनी एवं एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने योजनाबद्ध घेराबंदी कर कार्रवाई की।
7 वाहन और नकदी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुआ खेलने और खिलाने के लिए पहुंचे एक इनोवा, दो बोलेरो, दो अर्टिगा, एक KIA और एक ऑल्टो कार सहित लगभग 90 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की। इसके अलावा जुआ फड़ से 57,140 रुपये नकद और 5 गैस लाइट भी बरामद की गईं।
33 आरोपियों पर दर्ज हुए पांच प्रकरण
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार जुआरी घरघोड़ा, तमनार, डभरा और जैजैपुर क्षेत्र के निवासी हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 6 के तहत पांच अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “ऑपरेशन अंकुश” के तहत अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।















































