त्रिकुंड थाना क्षेत्र में सनसनी, पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में सोमवार सुबह एक हेडमास्टर की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना त्रिकुंड थाना क्षेत्र की है।
स्कूल जाते समय बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जयकरन जगते के रूप में हुई है। वे ग्राम धमनी-कुमीहा स्थित विद्यालय में हेडमास्टर के पद पर पदस्थ थे। सोमवार सुबह वे रोज की तरह स्कूल के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उनका गला रेतकर हत्या कर दी।
मौके पर पहुंची पुलिस, जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
जमीनी विवाद की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले में संदेह के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।















































