पाली हिल स्थित आवास के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा तैनात, सोशल मीडिया पोस्ट की भी हो रही जांच
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान को कथित तौर पर धमकी मिलने के बाद मुंबई पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने अभिनेता के बांद्रा वेस्ट स्थित पाली हिल आवास के बाहर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया है। हालांकि, बताया जा रहा है कि आमिर खान इस समय देश से बाहर हैं।
वायरल वॉइस नोट के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा
यह मामला एक वायरल वॉइस नोट और सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद चर्चा में आया। इन पोस्ट में कथित तौर पर अभिनेता पर कुछ आरोप लगाए गए और उन्हें धमकी दी गई। इसके बाद मुंबई पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
मुंबई पुलिस कर रही जांच
मुंबई पुलिस अब वायरल वॉइस क्लिप और सोशल मीडिया पोस्ट की सत्यता की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वॉइस नोट कहां से जारी हुआ और इसकी प्रमाणिकता क्या है।
पुलिस कमिश्नर ने दी जानकारी
मुंबई पुलिस कमिश्नर देवेन भारती ने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट और वायरल वॉइस क्लिप की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।















































