Amrit Bharat Station Chhattisgarh : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अमृत भारत स्टेशन योजना पर प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार

SHARE:

चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों के लोकार्पण को बताया छत्तीसगढ़ के रेल विकास की बड़ी उपलब्धि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में रेल अधोसंरचना का तेजी से आधुनिकीकरण हो रहा है, जिसका प्रत्यक्ष लाभ छत्तीसगढ़ को भी मिल रहा है। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चांपा, बालोद और सरोना रेलवे स्टेशनों के वर्चुअल लोकार्पण को प्रदेश के रेल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार

मुख्यमंत्री श्री साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से छत्तीसगढ़ में आधारभूत अधोसंरचना का तेजी से विकास हो रहा है और इसका लाभ प्रदेश के हर क्षेत्र तथा प्रत्येक नागरिक तक पहुंच रहा है।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित रेलवे स्टेशनों के विकसित होने से यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा। स्टेशनों पर बेहतर प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, स्वच्छ परिसर, आधुनिक यात्री सुविधाएं और उन्नत अधोसंरचना उपलब्ध कराई गई है, जिससे रेल सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।

व्यापार और पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रेलवे केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक विकास का मजबूत आधार है। चांपा, बालोद और सरोना जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों के उन्नयन से व्यापार, पर्यटन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। इससे लोगों की आवाजाही आसान होगी और रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे।

रेल अधोसंरचना के विस्तार पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में नई रेल परियोजनाओं, रेल लाइन दोहरीकरण, विद्युतीकरण और आधुनिक रेलवे सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह विकास कार्य विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के संकल्प को और मजबूत करेंगे।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई