प्रधानमंत्री मोदी ने किया चांपा रेलवे स्टेशन का वर्चुअल लोकार्पण, 13 करोड़ से हुआ आधुनिकीकरण

SHARE:

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हुआ चांपा स्टेशन, सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक अवसंरचना का दिखा संगम

बिलासपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में बिलासपुर मंडल के चांपा रेलवे स्टेशन का भी वर्चुअल उद्घाटन कर राष्ट्र को समर्पित किया गया। चांपा स्टेशन पर इस अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया।

केंद्रीय मंत्री और सांसद रहे मौजूद

चांपा स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद कमलेश जांगड़े, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) मुदित भटनागर सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। इस दौरान अमृत भारत स्टेशन योजना पर आधारित लघु फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।

13 करोड़ की लागत से बदली चांपा स्टेशन की तस्वीर

Amrit Bharat Station Champa के तहत लगभग 13 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन का उन्नयन और आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन भवन को स्थानीय सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक वास्तुकला के समन्वय के साथ विकसित किया गया है। नई डिजाइन और आकर्षक संरचना स्टेशन को क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बनाती है।

यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

पुनर्विकास कार्य के तहत प्लेटफॉर्म पर नए शेड, बेहतर बैठने की व्यवस्था, उच्च गुणवत्ता वाली प्लेटफॉर्म सतह, डिजिटल यात्री सूचना प्रणाली, कोच पोजिशन डिस्प्ले बोर्ड और अत्याधुनिक पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा आधुनिक प्रतीक्षालय, शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सुव्यवस्थित पार्किंग और सर्कुलेटिंग एरिया का भी विकास किया गया है।

दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष सुविधाएं

स्टेशन को पूर्णतः दिव्यांगजन अनुकूल बनाया गया है। रैंप, टैक्टाइल पाथ और सुगम आवागमन के लिए आवश्यक अवसंरचना विकसित की गई है, ताकि सभी यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिल सके।

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा

रेलवे अधिकारियों के अनुसार Amrit Bharat Station Champa आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ क्षेत्र के पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा। पुनर्विकसित स्टेशन अब केवल रेल यात्रियों के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र के आधुनिक प्रवेश द्वार के रूप में भी अपनी पहचान बनाएगा।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई