कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में आज भिड़ेंगी दोनों टीमें, भारत 1-0 की बढ़त के साथ उतरेगा मैदान परभारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में खेला जाएगा। पहला वनडे जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना चुकी भारतीय टीम की नजर इस मुकाबले को जीतकर सीरीज अपने नाम करने पर होगी। वहीं इंग्लैंड के लिए यह मुकाबला करो या मरो जैसा है, क्योंकि हार के साथ ही मेजबान टीम सीरीज गंवा देगी।
शाम 5 बजे होगा टॉस, 5:30 बजे शुरू होगा मैच
मुकाबले का टॉस भारतीय समयानुसार शाम 5:00 बजे होगा, जबकि मैच शाम 5:30 बजे से शुरू होगा। भारतीय टीम आत्मविश्वास के साथ मैदान में उतरेगी, जबकि इंग्लैंड वापसी की कोशिश करेगा।
IND vs ENG वनडे में भारत का दबदबा
वनडे क्रिकेट में भारत का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ मजबूत रहा है। दोनों टीमों के बीच अब तक खेले गए 111 मुकाबलों में भारत ने 62 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड को 44 मैचों में जीत मिली है। दो मुकाबले टाई रहे हैं और तीन मैचों का कोई परिणाम नहीं निकला।
हालिया प्रदर्शन में भी भारतीय टीम का पलड़ा भारी है। टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ अपने पिछले छह वनडे मुकाबलों में लगातार जीत दर्ज की है।
कार्डिफ में भारत का शानदार रिकॉर्ड
कार्डिफ का सोफिया गार्डन्स मैदान भारतीय टीम के लिए भाग्यशाली रहा है। यहां भारत पिछले 15 वर्षों से वनडे मुकाबला नहीं हारा है। टीम इंडिया को इस मैदान पर आखिरी हार 2011 में इंग्लैंड के खिलाफ मिली थी।
इसके बाद भारत ने 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीका और श्रीलंका को हराया था, जबकि 2014 में इंग्लैंड को 133 रन से मात दी थी।
गेंदबाजों को शुरुआत में मिल सकती है मदद
सोफिया गार्डन्स की पिच शुरुआती ओवरों में तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। नई गेंद से सीम मूवमेंट और उछाल देखने को मिल सकता है। हालांकि गेंद पुरानी होने के बाद बल्लेबाजी आसान हो सकती है और बड़े स्कोर बनने की संभावना रहेगी।
मैदान की सीधी बाउंड्री छोटी है, जबकि स्क्वायर बाउंड्री अपेक्षाकृत बड़ी है। ऐसे में सीधे शॉट, पुल और कट जैसे स्ट्रोक बल्लेबाजों के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं।
टॉस जीतने वाली टीम कर सकती है पहले गेंदबाजी
पिछले आंकड़ों के अनुसार कार्डिफ में खेले गए पिछले 10 वर्षों के 12 वनडे मैचों में से 8 मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीते हैं। हाल के वर्षों में भी यहां बड़े स्कोर देखने को मिले हैं। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी का फैसला कर सकती है।
मौसम रहेगा क्रिकेट के अनुकूल
मुकाबले के दौरान मौसम साफ रहने की संभावना है। तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। बारिश की संभावना बेहद कम है, जिससे खिलाड़ियों और दर्शकों को पूरे मैच का आनंद मिलने की उम्मीद है।















































