माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने पर मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज जांजगीर-चांपा जिले की होनहार पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने विश्व की सर्वोच्च चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने की ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विधायक गोमती साय भी उपस्थित रहीं।
साहस और संकल्प से रचा इतिहास
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि अमिता श्रीवास ने अपने साहस, अदम्य इच्छाशक्ति, अनुशासन और अटूट संकल्प के बल पर विश्व की सबसे ऊंची चोटी पर भारत का तिरंगा लहराकर न केवल छत्तीसगढ़, बल्कि पूरे देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।
युवाओं और बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद लक्ष्य के प्रति समर्पण तथा निरंतर प्रयास से असंभव प्रतीत होने वाले लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमिता श्रीवास की सफलता प्रदेश के युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा का सशक्त उदाहरण है।
22 मई को फहराया था तिरंगा
उल्लेखनीय है कि जांजगीर-चांपा जिले की निवासी पर्वतारोही अमिता श्रीवास ने 22 मई को समुद्र तल से 8,848.86 मीटर ऊंची विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बढ़ाया था।















































