सेमिकॉन 2.0, राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 और मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना को बताया विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा सेमिकॉन 2.0, राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 तथा मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने इन निर्णयों को विकसित भारत के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक और दूरदर्शी पहल बताते हुए प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रति आभार व्यक्त किया।
सेमिकॉन 2.0 से बढ़ेगा निवेश और रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1.27 लाख करोड़ रुपये की सेमिकॉन 2.0 योजना देश में सेमीकंडक्टर और इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण का विश्वस्तरीय पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करेगी। इससे भारत की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला में भागीदारी और मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि नई औद्योगिक नीति, बेहतर अधोसंरचना, निवेश अनुकूल वातावरण और कौशल विकास के कारण छत्तीसगढ़ भी उच्च तकनीक आधारित उद्योगों के लिए तेजी से उभरता हुआ गंतव्य बन रहा है। इस योजना से राज्य में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
किसानों को मिलेगा राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति का लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति-2026 देश में उर्वरकों की उपलब्धता को मजबूत करेगी और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने में सहायक होगी। इससे छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों को लाभ मिलेगा तथा कृषि उत्पादन को नई मजबूती प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार किसानों की समृद्धि और कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने के लिए समन्वित रूप से कार्य कर रही हैं।
मोबाइल विनिर्माण को मिलेगा नया प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 62,500 करोड़ रुपये की मोबाइल फोन विनिर्माण प्रोत्साहन योजना भारत को वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण और निर्यात का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे भारतीय ब्रांड, अनुसंधान एवं विकास (R&D), नवाचार और स्थानीय विनिर्माण को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भी इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और उभरती प्रौद्योगिकी आधारित उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा होंगे।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लिए जा रहे ऐसे दूरदर्शी निर्णय विकसित भारत के साथ-साथ विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को भी नई गति देंगे। उन्होंने कहा कि नवाचार, निवेश, तकनीकी आत्मनिर्भरता, आधुनिक विनिर्माण और कृषि सशक्तिकरण पर आधारित यह विकास मॉडल आने वाले वर्षों में देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।















































