Raigarh Crime : टिटलागढ़ पैसेंजर में 2.74 लाख के सोने के जेवर चोरी, शादी से लौट रहे परिवार को बनाया निशाना

SHARE:

रायगढ़ पहुंचकर बैग खोलने पर हुई चोरी की जानकारी, तीन संदिग्ध युवकों पर संदेह, जीआरपी ने शुरू की जांच

रायगढ़। टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन में सफर कर रहे एक परिवार के बैग से करीब 2.74 लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। परिवार शादी समारोह से लौट रहा था। रायगढ़ पहुंचने के बाद घर में बैग खोलने पर चोरी का पता चला। पीड़ित की शिकायत पर जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शादी से लौटते समय हुई वारदात

गांधीनगर स्थित केलो विहार निवासी यज्ञनारायण सोनी (41) ने जीआरपी को बताया कि वह अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ कोतमा में साली की शादी में शामिल होने गए थे। रिश्तेदारी में रुकने के बाद शनिवार रात चिरमिरी-बिलासपुर एक्सप्रेस से बिलासपुर पहुंचे। रविवार सुबह करीब 6 बजे परिवार बिलासपुर स्टेशन से टिटलागढ़ पैसेंजर में रायगढ़ के लिए रवाना हुआ।

सफर के दौरान बैग के पास बैठे थे तीन युवक

पीड़ित के अनुसार ट्रेन में उन्होंने अपने दोनों ट्रॉली बैग सीट के पास रख दिए थे। सफर के दौरान परिवार को नींद आ गई। जयरामनगर स्टेशन के पास नींद खुलने पर बैग के आसपास तीन अज्ञात युवक बैठे दिखाई दिए। बाद में नैला स्टेशन पहुंचने पर वे युवक नजर नहीं आए। चूंकि बैग अपनी जगह रखा था, इसलिए उस समय किसी तरह का संदेह नहीं हुआ।

घर पहुंचने पर खुला चोरी का राज

रायगढ़ पहुंचने के बाद जब परिवार घर लौटा और दोपहर में ट्रॉली बैग खोला, तो उसमें रखा जेवरों का बॉक्स गायब मिला। बॉक्स में सोने का हार, मंगलसूत्र, बिंदिया सहित करीब 2.74 लाख रुपये के आभूषण रखे हुए थे।

जीआरपी ने दर्ज किया मामला

पीड़ित ने बैग के आसपास बैठे तीन संदिग्ध युवकों पर चोरी का संदेह जताते हुए शिकायत दर्ज कराई है। जीआरपी ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305(सी) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ट्रेन और रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई