Raigarh Crime News : नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, ‘अभियान संवेदना’ के तहत रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

SHARE:

महिला थाना और सिटी कोतवाली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज, आरोपी न्यायिक रिमांड पर

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में संचालित ‘अभियान संवेदना’ के तहत महिला थाना एवं सिटी कोतवाली पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची मौके पर

पुलिस के अनुसार, दरोगा पारा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में नाबालिग बालिका के साथ आपत्तिजनक घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। इसके बाद 11 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां ने महिला थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

शिकायत के आधार पर महिला थाना पुलिस ने लफ्फू उर्फ विजय सारथी, निवासी दरोगा पारा, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं एवं पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

मामले की गहन जांच जारी

पुलिस ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रकरण की विवेचना जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

इन अधिकारियों की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, एएसआई सरस्वती महापात्रे, एएसआई परमेश्वर गुप्ता सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Amit sahu
Author: Amit sahu

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई