‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत साइबर और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, सट्टा पट्टी लिखते रंगे हाथ पकड़ी गई आरोपी
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में थाना साइबर और थाना चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम जामगांव कोलाईबहाल में दबिश देकर सट्टा पट्टी लिख रही एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी और अन्य सामग्री जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर दी गई दबिश
पुलिस को 11 जुलाई को सूचना मिली थी कि बाजारपारा, कोलाईबहाल में सायजान अली नामक महिला अपने घर के पास लोगों से हार-जीत का दांव लगवाकर सट्टा संचालित कर रही है। सूचना के आधार पर थाना साइबर और चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में मौके पर छापेमारी कर महिला को रंगे हाथों पकड़ लिया।
₹5,370 नगद और मोबाइल फोन जब्त
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सायजान अली (42 वर्ष), पति असगर अली, निवासी बाजारपारा, कोलाईबहाल बताया और सट्टा पट्टी लिखने की बात स्वीकार की। तलाशी के दौरान पुलिस ने ₹1,450 के सट्टे का लेखा-जोखा, पोको कंपनी का मोबाइल फोन, जिसमें व्हाट्सएप पर सट्टा रिकॉर्ड मिला, एक डॉट पेन तथा ₹5,370 नगद बरामद कर जब्त किया।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी महिला के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 6 के तहत थाना चक्रधरनगर में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक दिलीप कुमार भानू, सहायक उपनिरीक्षक ज्योत्सना शर्मा, आरक्षक नवीन शुक्ला, मनोज पटनायक एवं संतराम केंवट की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी का संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि “जुआ और सट्टा जैसी अवैध गतिविधियां सामाजिक एवं आर्थिक अपराधों को बढ़ावा देती हैं। रायगढ़ पुलिस ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त प्रत्येक व्यक्ति के विरुद्ध कठोर और निरंतर कार्रवाई करती रहेगी।”















































