धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की सराहना, माँ कोत्रावै मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का दिया आमंत्रण
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से माँ मातंगी दिव्य धाम के पीठाधीश परम् पूज्य डॉ. प्रेमासाई महाराज ने विधानसभा निवास में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच विभिन्न समसामयिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक विषयों पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा हुई।
धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की सराहना
डॉ. प्रेमासाई महाराज ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में पारित धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम की सराहना करते हुए इसे भारतीय संस्कृति, धार्मिक स्वतंत्रता और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी कदम बताया। उन्होंने 13 जुलाई से प्रारंभ हुए विधानसभा सत्र के सफल संचालन के लिए भी शुभकामनाएं दीं।
‘सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर’ सम्मान पर दी बधाई
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नई दिल्ली में आयोजित भारत निर्माण कॉन्क्लेव-2026 में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के करकमलों से डॉ. प्रेमासाई महाराज को मिले “सर्टिफिकेट ऑफ ऑनर” सम्मान पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने धर्म, संस्कृति, सेवा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
बस्तर में बदलाव का किया उल्लेख
डॉ. प्रेमासाई महाराज ने अपने बस्तर प्रवास के अनुभव साझा करते हुए कहा कि कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहा बस्तर आज विकास, शांति और समृद्धि की नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं और सुरक्षा बलों के प्रयासों से क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन दिखाई दे रहे हैं। साथ ही दिव्य दरबारों और ‘हिंदू जगाओ’ शोभायात्राओं में बढ़ती जनभागीदारी को आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक बताया।
माँ कोत्रावै मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा का दिया निमंत्रण
भेंट के दौरान डॉ. प्रेमासाई महाराज ने विधानसभा अध्यक्ष को भारत के प्रथम माँ कोत्रावै मंदिर के निर्माण एवं आगामी प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव की जानकारी देते हुए आमंत्रित किया। डॉ. रमन सिंह ने आमंत्रण सहर्ष स्वीकार करते हुए आयोजन की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।















































