रायगढ़। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय में व्याख्यान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने भारत माता एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया और उनके राष्ट्रनिर्माण में दिए गए योगदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
राष्ट्रहित सर्वोपरि रखने वाले व्यक्तित्व थे डॉ. मुखर्जी
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, शिक्षा, सिद्धांतों के प्रति अटूट निष्ठा और अदम्य साहस का प्रतीक रहा है। उन्होंने व्यक्तिगत हितों से ऊपर राष्ट्रहित को सर्वोच्च स्थान दिया और भारतीय लोकतंत्र व राष्ट्रीय एकता को नई दिशा प्रदान की। इस दौरान उन्होंने नेताजी सुभाष चंद्र बोस के योगदान का भी स्मरण किया।
युवाओं को दिया सफलता का मंत्र
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि सफलता केवल प्रतिभा से नहीं, बल्कि स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, निरंतर परिश्रम और सकारात्मक सोच से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति जैसा सोचता है, वैसा ही बनता है। असफलताओं के लिए दूसरों को दोष देने के बजाय आत्ममंथन कर आगे बढ़ना चाहिए। साथ ही युवाओं से आधुनिकता के साथ अपनी संस्कृति, भाषा और परंपराओं पर गर्व करने का आह्वान किया।
प्रतियोगी परीक्षाओं और करियर पर दिया मार्गदर्शन
युवा संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने प्रशासनिक सेवा, प्रतियोगी परीक्षाओं, महिला सशक्तिकरण, व्यक्तित्व विकास और स्वास्थ्य से जुड़े सवाल पूछे। वित्त मंत्री ने कहा कि प्रशासनिक सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ओबीसी, एससी और एसटी वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को यूपीएससी की तैयारी के लिए विशेष योजना के तहत दिल्ली भेज रही है।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की दी सलाह
स्वास्थ्य से जुड़े प्रश्नों पर उन्होंने नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और व्यायाम को सफलता की पहली शर्त बताते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन से ही बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
बेटियों को अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान
महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों की शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देने के लिए कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने बेटियों से आत्मविश्वास के साथ उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाकर अपने सपनों को साकार करने का आह्वान किया।
उत्कृष्ट स्वयंसेवकों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता चौहान, नगर निगम सभापति डिग्री लाल साहू, गुरुपाल भल्ला, विकास केडिया, अरुण कातोरे, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसएसपी शशि मोहन सिंह, कुलपति डॉ. विनय चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्राध्यापक, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय परिवार ने अतिथियों का शाल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया तथा राष्ट्रीय सेवा योजना के उत्कृष्ट स्वयंसेवकों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।















































